भारतीय टीम अपने पहले दो मैच जीत चुकी है. उसने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 34 रन से और दूसरे मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था
जॉर्जटाउन (गयाना): भारतीय टीम आईसीसी वुमंस वर्ल्ड टी20 में ग्रुप बी के मुकाबले में गुरुवार को आयरलैंड से भिड़ेगी. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम अगर आयरलैंड को हराती है तो वह सेमीफाइनल में जगह बना लेगी. भारतीय टीम अपने पहले दो मैच जीत चुकी है. उसने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 34 रन से और दूसरे मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था. ग्रुप बी से ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. उसने अपने शुरुआती तीनों मैच जीत लिए हैं.
भारतीय टीम ने दोनों मैचों में शानदार प्रदर्शन किया. पहले मैच में कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार शतक जमाया और युवा जेमिमाह रोड्रिग्ज ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था. दूसरे मैच में अनुभवी बल्लेबाज मिताली राज ने अर्धशतक बनाया. अब अगले मैच में भारत को उम्मीद होगी कि उसकी स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला चले और वे बड़ी पारी खेलें. हरमनप्रीत और मिताली से इस मैच में अपने प्रदर्शन को कायम रखने की उम्मीद है. वहीं टीम प्रबंधन वेदा कृष्णामूर्ति, तानिया भाटिया, डायलान हेमलता से रनों की उम्मीद में होगा.
यह भी पढ़ें: VIDEO: हरमनप्रीत ने भारत-पाक मैच में राष्ट्रगान के बाद किया ऐसा काम, जीता सबका दिल
अगर भारत की गेंदबाजी की बात की जाए तो स्पिनर डायलान हेमलता और पूनम यादव पर बड़ी जिम्मेदारी है. शुरुआती दो मैचों में इन दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है. हेमलता ने दो मैचों में छह विकेट लिए हैं. पूनम ने चार विकेट अपने नाम किए हैं.
दो मैच जीतने के बाद अब भारत का सामना एक ऐसी टीम से है जिसे दोनों मैचों में हार मिली है. आयरलैंड को पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया और दूसरे मैच में पाकिस्तान से मात मिली थी. दोनों मैचों में उसकी बल्लेबाजी विफल रही थी. पहले मैच में उसकी बल्लेबाज सिर्फ 93 रन ही बना पाई थीं. दूसरे मैच में टीम ने 101 का स्कोर किया था. गेंदबाजों ने भी आयरलैंड को निराश किया है. दो मैचों में उसके गेंदबाज सिर्फ सात विकेट ही चटका पाए हैं. उसके लिए एक अच्छी बात यह है कि तेज गेंदबाज लुसी ओ रेली ने पिछले मैच में अपनी फॉर्म में वापसी की है. पिछले मैच में उन्होंने तीन विकेट लिए थे.
टीम: भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, मिताली राज, जेमिमाह रोड्रिग्ज, वेदा कृष्णामूर्ति, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया, पूनम यादव, राधा यादव, अनुजा पाटिल, एकता बिष्ट, डायलान हेमलता, मानसी जोशी, पूजा वस्त्रकार, अरुंधति रेड्डी.
आयरलैंड : लौरा डेलानी (कप्तान), किम गार्थ, सेसेलिया जोयसे, इसोबेल जोयसे, शॉना कैवेनॉ, एमी केनेली, कैबी लुइस, लारा मार्टिज, सियारा मैटकैफे, लुसी ओ रेली, सेलेस्टे राक, इमिएर रिचर्डसन, क्लएर शिलिंगटन, रेबेका स्टोकेल, मैरी वाल्डरोन.
Comments
Post a Comment