एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जा रही इंटरनेशनल फ्लाइट में नशे में धुत एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया. क्रू स्टॉफ की तरफ से महिला यात्री को और शराब दिए जाने से इंकार करने पर उसका गुस्सा भड़क गया और अभद्र भाषा बोलने के साथ ही उसने एक क्रू मेंबर को थप्पड़ भी जड़ दिया.
नई दिल्ली : एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जा रही इंटरनेशनल फ्लाइट में नशे में धुत एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया. क्रू स्टॉफ की तरफ से महिला यात्री को और शराब दिए जाने से इंकार करने पर उसका गुस्सा भड़क गया और अभद्र भाषा बोलने के साथ ही उसने एक क्रू मेंबर को थप्पड़ भी जड़ दिया. कुछ मीडिया रिपोटर्स में महिला के क्रू मेंबर पर थूकने की बात भी बताई गई है. एक केबिन क्रू मेंबर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जिसमें महिला यात्री को 40 से ज्यादा बार अपशब्द कहते सुना गया है. यात्री की तरफ से कहे गए अपशब्द को हमने म्यूट कर दिया है.
नशा होने पर जोर-जोर से चिल्लाई
यह घटना मुंबई से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई- 131 में 10 नवंबर की बताई जा रही है. बिजनेस क्लास में सफर कर रही आइरिश लेडी सीट नंबर 1J पर बैठी हुई थी. वह रेड वाइन की दो क्वॉर्टर बोतल पीने के बाद इकॉनमी क्लास के वॉशरूम में गई और सिगरेट का धुआं उड़ाया. लेकिन स्मोक अलार्म नहीं बजा. इसके बाद वह सीट पर आई और उसने वाइन की 2 क्वॉर्टर बोतल और पी ली. नशा ज्यादा होने पर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी.
स्टॉफ ने फ्लाइट कमांडर को दी जानकारी
इसके बाद उसने एक और बोतल रेड वाइन की मांग की तो इस बार क्रू ने मना कर दिया. गुस्साई महिला ने उसे डेजर्ट ट्रॉली में धक्का देने की धमकी दे दी. कुछ देर बाद वह वाइन की खुली बोतल देखकर उसे अपने पास ले गई. महिला यात्री की पूरी हरकत के बारे में स्टॉफ ने फ्लाइट कमांडर को जानकारी दी. इस पर उन्होंने महिला को और रेड वाइन नहीं देने के लिए कहा. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार कमांडर ने महिला एयर होस्टेस के ही यात्री से संपर्क करने की बात कही.
वीडियो में महिला एक केबिन क्रू मेंबर से भिड़ती हुई दिखाई दे रही है. इसके बाद वह कुछ महिला एयर होस्टेस पर चीखती हुई भी नजर आ रही है. कुछ देर बाद गैलरी में आने पर उसने एक क्रू मेंबर के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया. यहां से वह अपनी सीट पर चली गई और वहां पर जोर-जोर से चिल्लाकर गालियां देने लगी. उसकी पूरी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. महिला की इस हरकत से साथ में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. विमान के लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
Comments
Post a Comment