राजस्थान : पहली लिस्ट आते ही कांग्रेसियों ने राहुल गांधी के घर के बाहर मचा दिया बवाल, कहा- पैसे लेकर टिकट बांटे गए
लिस्ट जारी होने के बाद टिकट न मिलने से पार्टी के राज्य स्तरीय नेताओं और समर्थकों में असंतोष उभर आया. बस फिर क्या था, इसके बाद दिल्ली में राहुल गांधी के निवास 12, तुगलक लेन के बाहर हंगामा शुरू हो गया.
नई दिल्ली : राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की तरफ से बुधवार को प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी किए जाने के बाद पार्टी में कलह खुलकर सामने आ गई. खुद या अपने नेता को टिकट न मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष उभरकर सामने आ गया, लिहाजा उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया. कुछ नाराज कार्यकर्ताओं ने साफ तौर पर पैसे लेकर टिकट बांटे जाने का आरोप लगा. वहीं, पार्टी के एक नाराज नेता ने तो चूरू से टिकट पाए रफीक मंडेलिया को प्रवर्तन निदेशालय का वॉन्टेड बता डाला और कहा कि रफीक पर तो 100 से ज्यादा केस दर्ज हैं. विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस पकड़कर तुगलक रोड थाने ले गई.
दरअसल, राज्य में 7 दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी की गई. कांग्रेस ने इस सूची में 152 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की. कांग्रेस ने इस लिस्ट में राजस्थान के लगभग सभी बड़े नेताओं को टिकट दिया है. बड़े नेताओं में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व सीएम नेता अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी का नाम शामिल है.
इस लिस्ट के तहत सरदारपुरा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को टिकट दी गई है. टोंक विधानसभा सीट से सचिन पायलट को टिकट दी गई है. केकड़ी से रघु शर्मा, राजसंद से नारायण सिंह भाटी, नाथद्वारा से सीपी जोशी को टिकट दिया गया है. हिंडौनसिटी से भरोसीलाल जाटव, जोधपुर से हीरालाल, शाहपुरा से मनीष यादव, लालसोंठ से परसादी लाल मीणा, नोंखा से रामेश्वर डूडी, बानासूर से शकुंतला रावत को टिकट मिला.
वीडियो- कांग्रेस की 152 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा, एससी,जाट,ब्राह्मण समेत 8 मुस्लिम,16 महिलाओं पर लगाया दांव
बता दें कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए गुरुवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें गहन मंथन के बाद टिकट बंटवारे की घोषणा की गई.
लिस्ट जारी होने के बाद टिकट न मिलने से पार्टी के राज्य स्तरीय नेताओं और समर्थकों में असंतोष उभर आया. बस फिर क्या था, इसके बाद दिल्ली में राहुल गांधी के निवास 12, तुगलक लेन के बाहर हंगामा शुरू हो गया.
यहां राजस्थान के नदबई ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय और मेड़ता से देवीकिशन दायमा ने टिकट नहीं मिलने पर जमकर विरोध जताया. प्रशांत का कहना है कि नदबई से बाहरी को टिकट दिया है, इसलिए वह उनका विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी आवाज नहीं सुनी गई तो राहुल गांधी के घर के बाहर आत्मदाह करेंगे.
वहीं, मेड़ता से दावेदारी कर रहे देवीकिशन ने विरोध जताते हुए कहा कि बाहरी को टिकट दिया गया और स्थानीय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया. इसलिए उनका करियर खराब हो गया.
राहुल के घर के बाहर लोग विरोध-प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए. नदबई से प्रशांत उपाध्याय भी यहां अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे. वहीं, भरतपुर से संजय शुक्ला, मेड़ता से देवीकिशन दायमा बाहरी को टिकट दिए जाने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए. वहीं, तनवीर खान चूरू से टिकट पाने वाले रफीक मंडेलिया का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए. उन्होंने रफीक आरोप लगाया कि वह ईडी के वॉन्टेड हैं और उन पर 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है. उनको कांग्रेस ने टिकट दिया, इसका हम विरोध करते हैं.

Comments
Post a Comment