बीजेपी के प्रचार अभियान पर नजर डालें तो एक दिलचस्प बात देखने को मिल रही है. इस बार यहां बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताबड़तोड़ रैलियां कराने जा रही है.
जयपुर: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग की ओर से रणभेरी बजाने के साथ ही सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने हिसाब से वोटरों को लुभाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. बीजेपी के सामने जहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया की सत्ता बचाए रखने की चुनौती है तो कांग्रेस किसी भी कीमत पर इस राज्य की सत्ता हथियाने की कोशिश में जुटी है. पिछले एक महीने से सचिन पायलट, अशोक गहलोत और राहुल गांधी की तिकड़ी मिलकर कांग्रेस के लिए माहौल बनाने में जुटे हैं. वहीं बीजेपी के प्रचार की कमान खुद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया संभाल रही हैं. बीजेपी के प्रचार अभियान पर नजर डालें तो एक दिलचस्प बात देखने को मिल रही है. इस बार यहां बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताबड़तोड़ रैलियां कराने जा रही है.
आइए समझते हैं क्यों होंगी योगी की ताबड़तोड़ रैलियां
योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ ही नाथ संप्रदाय के सबसे बड़े महंत हैं. राजस्थान की बड़ी आबादी पर नाथ संप्रदाय का प्रभाव है. नाथ संप्रदाय की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक राजस्थान में इस वक्त इस संप्रदाय के 46 बड़े मठ हैं. इन मठों का चूरू, सीकर, झुंझुनूं, मंडी, मंडावा, हनुमानगढ़, बीकानेर, रतनगढ़, जयपुर सहित कई और पड़ोसी जिलों में प्रभाव है. माना जाता है कि नाथ संप्रदाय का ओबीसी जाति में खास प्रभाव है. नाथ संप्रदाय के मठों ने राजस्थान के इन जिलों में कई सामाजिक कार्य भी किए हैं.
योगी आदित्यनाथ नाथ संप्रदाय के सबसे बड़े महंत हैं. ऐसे में बीजेपी का मानना है कि अगर योगी कोई बात कहेंगे तो नाथ संप्रदाय से जुड़े लोगों पर इसका एक अलग ही प्रभाव पड़ेगा. राजस्थान में बीजेपी के प्रचार अभियान की देखरेख कर रहे नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव तो देशभर में है. वे पार्टी के सबसे बड़े प्रचारक हैं, लेकिन सीएम योगी का प्रभाव त्रिपुरा चुनाव में दिख चुका है. हिंदुत्व के मुद्दे पर जब सीएम योगी बोलते हैं तो उसका एक अलग ही असर होता है. इसी बात को ध्यान में रखकर राजस्थान में उनकी ज्यादा से ज्यादा रैलियां कराई जा रही है.
योगी की ये हैं प्रस्तावित रैलियां
23 नवंबर: रामगंज मंडी, सांगोद, कोटा दक्षिण
24 नवंबर: पाली, सोजत, मारवाड़ जंक्शन
25 नवंबर: भीनमाल, सांचोर, रानीवाड़ा
26 नवंबर: शाहपुरा (जयपुर), फलेरा, चौमूं
27 नवंबर: कुंभलगढ़, निम्बाहेड़ा
28 नवंबर: पिलानी, सूरजगगढ़
29 नवंबर: जहाजपुरा, मांडलगढ़
30 नवंबर: अलवर शहर, किशनपोल, मुंडावर
बीजेपी का कहना है कि 23 से 30 नवंबर तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजस्थान में ही रहेंगे. फिलहाल उनकी 21 रैलियां प्रस्तावित हैं. अगर डिमांड बढ़ती है तो रैलियां की संख्या बढ़ाई जा सकती है

Comments
Post a Comment