एपल ने बताया कि मैकबुक एयर का नया वर्जन 100 फीसदी रीसाइकिल किये गये एल्युमिनियम और प्लास्टिक से बना है.
न्यूयॉर्क: एपल ने अपने आईपैड प्रो, मैक मिनी और मैकबुक एयर के नए मॉडल्स को लॉन्च कर दिया है. इस बार लॉन्च हुआ मैकबुक एयर का नया वर्जन रीसाइकिल किये गये एल्युमिनियम से बना है. इसके अलावा कंपनी ने मैक मिनी और एक आईपैड प्रो को भी उतारा है. ये सभी अपने पहले के वर्जन से महंगे हैं. बता दें कि दिवंगत स्टीव जॉब्स ने पहले मैकबुक एयर को लांच किया था. इसके करीब 10 साल बाद कंपनी में उनके उत्तराधिकारी बने टिम कुक ने मंगलवार को इस पीसी (पर्सनल कम्प्यूटर) का नया वर्जन लांच किया. यह पीसी पहले के 1.94 सेमी (0.75 इंच) की तुलना में महज 1.56 सेमी मोटा है.
100 फीसदी रीसाइकिल किये गये एल्युमिनियम और प्लास्टिक से बना है मैकबुक एयर
एपल ने बताया कि यह मॉडल 100 फीसदी रीसाइकिल किये गये एल्युमिनियम और प्लास्टिक से बना है. यह बदलाव इसके कार्बन फुटप्रिंट में कटौती करता है. पिछले साल ही एपल ने यह घोषणा की थी कि उसका लक्ष्य अपने आईफोन के लिये एक सर्कुलर प्रोडक्शन सिस्टम बनाना है. घोषणा में यह कहा गया था कि इसके तहत रीसाइकिल सामग्री से नये उत्पाद बनाए जाएंगे. मैकमिनी का अनावरण मंगलवार को किया गया. एपल के आधुनिक मिनि डेस्कटॉप कम्प्यूटर का यह नया वर्जन पूर्णत: रीसाइकिल किये गये एल्युमिनियम और प्लास्टिक से निर्मित है. एपल ना सिर्फ कम्प्यूटर निर्माता है बल्कि पिछले साल ग्रीनपीस की रिपोर्ट में कंपनी को पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद बनाने के लिये इस उद्योग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला बताया गया था.
Comments
Post a Comment