राजस्थान में सियासी पारा पहले से अपने परवान पर है और इसमें उबाल लाने के लिए कांग्रेस लगातार एक के बाद एक मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रही है. पहले राफेल डील और अब नोट बंदी को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन करती हुई नजर आई. बता दें कि नोट बंदी के 2 साल पूरे होने पर ऑल इंडिया कांग्रेस की तरफ से देश भर में प्रदर्शन का आह्वान किया गया था.
इसी के तहत जयपुर कांग्रेस ने भी सिविल लाइंस फाटक के पास धरना प्रदर्शन किया. कांग्रेस के इस प्रदर्शन को वरिष्ठ नेता सीपी जोशी प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई नेताओं ने संबोधित किया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नोटबंदी एक सुनियोजित घोटाला थी. जिसके तहत देश के बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश हुई. नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई.
वही बीजेपी के इस कदम से रोजगार और छोटे उद्योग धंधे पूरी तरीके से खत्म हो गए. यही वजह है कि आज कोई भी भाजपा का बड़ा नेता नोटबंदी के मामले में बोलने को तैयार नहीं है. कांग्रेस नेता सीपी जोशी ने कहा कि नोटबंदी के बाद अब भाजपा एक बार फिर से राम मंदिर के मुद्दे के जरिए जनता को बरगलाने का काम कर रही है. लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब आम जनता को जागरुक करने के लिए घर घर जाना होगा.
वहीं जयपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा की देश में नोट बंदी के चलते इस बार दीपावली पूरी तरीके से फीकी नजर आई धनतेरस और दीपावली के दिन भी बाजार सूने नजर आए. सभा में संबोधित करते हुए कांग्रेस के नेता अमर्यादित भाषा का भी उपयोग करते दिखाई दिए. पूर्व सांसद महेश जोशी ने जहां प्रधानमंत्री को देश का सबसे बड़ा झूठा व्यक्ति होने का आरोप लगाया.
जबकि कांग्रेस के पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल ने नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से की कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने कहा कि देश में नोट बंदी एक आर्थिक आपातकाल है. 56 इंच का सीना होने का दावा करने वाले प्रधानमंत्री ने अपने देश के लोगों पर ही सर्जिकल स्ट्राइक कर दी है. सभा स्थल को कांग्रेस नेता राजीव अरोड़ा, संजय बाफना, ब्रजकिशोर शर्मा और पंडित सुरेश मिश्रा ने भी संबोधित किया.
वहीं प्रदर्शन में पहले पीसीसी चीफ सचिन पायलट के आने का कार्यक्रम था लेकिन दिल्ली में व्यस्तता के चलते वह नहीं पहुंच पाए. कार्यक्रम के बहाने जयपुर कांग्रेस एकजुटता का प्रदर्शन करती नजर आई लेकिन यह जुटता चुनाव के दौरान के कितनी नजर आएगी यह देखने वाली बात होगी.
Comments
Post a Comment