हार्ट केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया (HCFI) की मदद से उसका ऑपरेशन अगले सप्ताह एक प्राइवेट अस्पताल में किया जाएगा.
नई दिल्ली: तीन महीने की नैन्सी की दिल की सर्जरी के लिए यहां एम्स ने फरवरी 2024 की तारीख दी थी लेकिन हार्ट केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया (HCFI) की मदद से उसका ऑपरेशन अगले सप्ताह एक प्राइवेट अस्पताल में किया जाएगा. एचसीएफआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नैन्सी के दिल में छेद है और उसकी तत्काल सर्जरी जरूरी है.
बच्ची के पिता अजय कुमार के अनुसार उसे खांसी और सांस लेने संबंधी समस्या थी जिसके बाद उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसे दिल संबंधी समस्या का पता चला.
कई जांच होने के बाद उसके दिल में छेद होने की पुष्टि हुई
अस्पताल के अधिकारियों ने फरीदाबाद निवासी नैन्सी के परिवार को सर्जरी के लिए एम्स ले जाने की सलाह दी. जिसके बाद अक्टूबर के मध्य में परिवार ने एम्स में उसे दिखाया. कई जांच होने के बाद उसके दिल में छेद होने की पुष्टि हुई और एम्स के डॉक्टरों ने इसके लिए सर्जरी की जरूरत बताई.
पेशे से ड्राइवर कुमार ने कहा,‘उन्होंने हमसे 57 हजार रुपये जमा करने को कहा लेकिन लंबी प्रतीक्षा सूची का हवाला देते हुए सर्जरी के लिए फरवरी 2024 की तारीख दी. हम ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते क्योंकि हमारी बच्ची बहुत परेशान है.’ इसके बाद परिवार ने परमार्थ संस्था एचसीएफआई से संपर्क साधा. संस्था के विशेषज्ञ दल ने उसकी जांच की और तत्काल सर्जरी करवाने का फैसला किया.
क्या कहना है HCFI का?
HCFI के अधिकारी योगेश पंत ने बताया कि हमने एम्स प्रशासन से प्रक्रिया तेज करने और जल्द सर्जरी की तारीख देने को कहा लेकिन कोई जवाब नहीं आया. कई बार लिखने के बाद भी एम्स अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके बाद संस्था ने मेदांता अस्पताल से संपर्क साधा. प्रबंधन बच्ची को भर्ती करने और सर्जरी करने के लिए तैयार हो गया.
इस सर्जरी का खर्च एचसीएफआई के समीर मलिक हार्ट केयर फाउंडेशन फंड से उठाया जाएगा. यह संस्था आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे लोगों की मदद करती है जिनके दिल की सर्जरी की जरूरत होती है.
Comments
Post a Comment