एआईएटीएसएल एअर इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है. यह कंपनी देश में सभी हवाईअड्डों पर उड़ान के वक्त जमीन पर एअर इंडिया के विमानों के संचालन एवं सर्विसिंग से जुड़े काम और हवाईअड्डा टर्मिनल पर कामकाज देखती है. कंपनी में करीब 5,000 कर्मचारी हैं, जिनमें अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं.
अधिकारी ने बताया, ‘‘दिवाली बोनस नहीं मिलने, अपने कुछ पूर्व सहकर्मियों की सेवा बहाल करने की मांग को लेकर मुंबई हवाईअड्डे पर एआईएटीएसएल के कुछ कर्मचारी बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात से ही हड़ताल पर चले गये हैं जिसके कारण उड़ान सेवाओं में बाधा आयी. ये सभी हालांकि अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारी थे.’’
उन्होंने बताया कि गुरुवार को दिन में तीन बजे तक अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 37 उड़ानों में ढाई से तीन घंटे तक की देरी हुई. उन्होंने बताया, हालांकि कोई उड़ान अब तक रद्द नहीं हुयी है. अधिकारी ने बताया कि मुंबई हवाईअड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग का कामकाज देखने के लिये एअर इंडिया ने अपने स्थायी कर्मचारियों को सेवा में लगाया है.
उन्होंने बताया, ‘‘बातचीत के बाद कंपनी बोनस का भुगतान कर चुकी है, लेकिन अब कर्मचारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि उनके तीन सहकर्मियों की सेवा बहाल की जाये जिनके अनुबंध को पिछले महीने बढ़ाया नहीं गया था.’’ एयरलाइन के अधिकारी ने बताया कि हड़ताल के कारण कम से कम 10 घरेलू एवं तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में तीन घंटे तक की देरी हुई. उन्होंने बताया, ‘‘मुद्दा सुलझाने के लिये हड़तालरत कर्मचारियों और एआईएटीएसएल प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है.’’
Comments
Post a Comment