दिवाली के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन हरे निशान के साथ खुले देश के प्रमुख शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट का रुख देखा गया.
मुंबई : दिवाली के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन हरे निशान के साथ खुले देश के प्रमुख शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट का रुख देखा गया. कारोबारी सत्र के अंत में 30 शेयर वाला सेंसेक्स 345.56 अंक गिरकर 34,812.99 के स्तर पर और 50 अंकों वाला निफ्टी 103 अंक घटकर 10,482.20 के स्तर पर बंद हुआ. इससे पहले सोमवार की सुबह सेंसेक्स और निफ्टी ने मजबूती के साथ शुरुआत की. दोपहर के समय बिकवाली के दबाव में आया शेयर बाजार कारोबारी सत्र के अंत तक उबर नहीं पाया.
कारोबार के दौरान सोमवार को निफ्टी ने 10,464 तक गोता लगाया जबकि सेंसेक्स 34,757 तक गिरा था. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर में भी दबाव देखा गया. बीएसई का मिडकैप 0.9 प्रतिशत तक गिरकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में भी करीब एक प्रतिशत की गिरावट देखी गई. बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.8 प्रतिशत तक लुढ़क कर बंद हुआ.
बैंकिंग, रिएल्टी, मेटल, फार्मा, ऑटो, पावर और ऑयल एंड गैस शेयर सबसे ज्यादा दबाव में नजर आए. बैंक निफ्टी 0.9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,540 के स्तर पर बंद हुआ. हालांकि आईटी शेयर में खरीदारी देखने को मिली. बड़े शेयरों में एचपीसीएल, टाटा मोटर्स, आईओसी, बजाज फाइनेंस, हिंडाल्को, हीरो मोटो, मारुति सुजुकी, अदानी पोर्ट्स और वेदांता 6.7-2.6 फीसदी तक गिरकर बंद हुए हैं.
टाइटन, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, सिप्ला, इंफोसिस और टीसीएस में तेजी देखी गई. मिडकैप शेयरों में बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, कंटेनर कॉर्प, अदानी पावर और केनरा बैंक 4.9-3.5 फीसदी तक लुढ़क कर बंद हुए. हालांकि मिडकैप शेयरों में वॉकहार्ट, एल्केम, इमामी, एम्फैसिस और कमिंस 9-2.1 फीसदी तक उछलकर बंद हुए हैं.
Comments
Post a Comment