Skip to main content

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी केरल में बाढ़ पीड़ितों को खिलाएगी सांभर और चावल

नई दिल्ली : केरल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी केरल में लंगर लगाएगी. कमेटी ने केरल में बाढ़ प्रभावित 3 स्थानों पर लंगर लगाने की घोषणा की है. कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका एवं कार्यकारी महासचिव अमरजीत सिंह फतेह नगर के नेतृत्व में कमेटी सदस्यों की हुई मीटिंग के बाद इसकी घोषणा की गई.

30 हजार लोगों को रोज खिलाएंगे खाना 
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने बताया कि दिल्ली कमेटी का एक जत्था पूर्व विधायक जतिंदर सिंह शंटी की निगरानी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेवा करने के लिए जा रहा है. उन्होंने बताया कि केरल में जिन तीन जगहों पर लंगर लगाया जाएगा वहां 25 से 30 हजार लोगों को रोज खाना खिलाया जाएगा. शंटी के साथ जा रहे जत्थे में लंगर पकाने के लिए जरूरी रसद तथा लांगरी सेवादार भी भेजे जा रहे हैं. ये लोग वहां पहुंचकर लंगर शिविर लगाकर प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराएंगे.

लंगर में बनेगा सांभर और चावल 
केरल में लोगों के खाने की पसंद को देखते हुए बाढ़ पीड़ितों के लिए लगाए जा रहे लंगर में चावल तथा सांभर बनाया जायेगा. इस सेवा में भाग लेने के इच्छुक लोग नगद या रसद गुरुद्वारा बंगला साहिब, गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब, गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब, गुरुद्वारा बाला साहिब तथा गुरुद्वारा मोती बाग साहिब में बने विशेष केन्द्रों में जमा करके रसीद ले सकते हैं. दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि सिख समुदाय की अन्तर्राष्ट्रीय संस्था खालसा ऐड पहले ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सेवा का कार्य शुरू कर चुकी है.



दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के एक शिष्टमंडल ने दिल्ली स्थित केरला भवन पहुंच स्थानीय आवासी कमिश्नर के साथ मुलाकात की. उन्होंने उनसे ऐसी जगहों की जानकारी मांगी जहां राहत कार्य की सबसे अधिक जरूरत हो. वहीं केरल में लोगों की जरूरतों के बारे में भी पूछा गया. केरल में आई प्राकृतिक आपदा के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. यहां के लोगों की मदद के लिए देशभर से मदद के लिए हाथ बढ़ रहे हैं.  बॉलीवुड के कई कलाकारों ने भी केरल के लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं.

Comments